Sun. Jun 28th, 2026

रुद्रपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 के अंतर्गत रविवार को जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में माननीय विधायक रुद्रपुर श्री शिव अरोड़ा तथा माननीय मेयर श्री विकास शर्मा ने अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय जन प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा नन्हे-मुन्ने बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया तथा जनपदवासियों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियोरोधी दवा पिलाने की अपील की गई।

इस अवसर पर विधायक रुद्रपुर श्री शिव अरोड़ा एवं श्री विकास शर्मा, मेयर रुद्रपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल, प्रमुख अधीक्षक जिला चिकित्सालय डॉ. एम. के. तिवारी तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस पी सिंह ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने बताया कि जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अभियान के अंतर्गत जनपद में 1322 बूथ, 855 टीमें एवं 9 जोन बनाये गए हैं। जनपद के 274889 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जनपद को 9 जोनों में विभाजित किया गया है तथा सभी जोनल अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र आवंटित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पल्स पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा पोलियोरोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में डॉ जुनैद कमर, डॉ मीनाक्षी सुमन (डब्लू एच ओ),ए एन एम दीपा जोशी, प्रदीप महर, नन्दलाल, हेम पंत, भैरव दत्त सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *