डीएसएमपीएस में गूंजा ‘कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम’, जन्माष्टमी संग शिक्षकों को किया नमन
***भक्ति, संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा का अद्भुत संगम बना विद्यालय का भव्य समारोह
हरिद्वार। धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल (DSMPS), ज्वालापुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का पर्व भक्ति, उल्लास और गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता की भावनाओं के साथ भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं के माध्यम से जहां आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संदेश दिया, वहीं अपने शिक्षकों को गुरु के रूप में सम्मानित कर गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को जीवंत किया।
भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ भजन एवं श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक गायन से हुआ। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। राधा-कृष्ण प्रेम, कृष्ण की रासलीला और गुरु वंदना पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं बाल गोपाल की मनोहारी लीलाओं, द्रौपदी चीरहरण तथा विद्यार्थी जीवन में शिक्षक की भूमिका पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
विद्यार्थियों ने भावपूर्ण भाषणों तथा स्वयं निर्मित ‘थैंक यू कार्ड्स’ के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि भगवान श्रीकृष्ण ने संसार को जीवन का ज्ञान दिया और शिक्षक उसी ज्ञान को विद्यार्थियों के जीवन में सही दिशा प्रदान करने का कार्य करते हैं।
विद्यालय के निदेशक मुकुल चौहान एवं प्रधानाचार्या साधना भाटिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्रीमद्भगवद्गीता की शिक्षाओं और शिक्षक के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का सफल आयोजन प्रीति गुप्ता एवं श्रद्धा शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। कक्षा XI मानविकी के विद्यार्थियों शौर्य शर्मा एवं बिट्टो ने शानदार मंच संचालन कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
समारोह के अंतर्गत कक्षा III से V के विद्यार्थियों के लिए बांसुरी निर्माण गतिविधि, कक्षा VI से VIII के लिए मटकी सजावट एवं निर्माण प्रतियोगिता तथा कक्षा IX से XII के विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं पर आधारित दिव्य झांकी प्रस्तुति आयोजित की गई।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता, भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया। विद्यालय परिवार ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
