Fri. Jun 5th, 2026

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने किया हेपेटाइटिस प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर टीम को दिए आवश्यक निर्देश।
सितारगंज 05 जून, 2026- नयागांव, और आसपास के प्रभावित इलाकों में वायरल हेपेटाइटिस (पीलिया) के संदिग्ध मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0केके अग्रवाल द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और मौके पर तैनात स्वास्थ्य टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। सीएमओ डॉ0के के अग्रवाल ने स्वास्थ्य टीमों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के प्रत्येक घर में जाकर (डोर-टू-डोर) सर्वे कार्य में कोई ढिलाई न बरती जाए। पीलिया, बुखार, और पेट दर्द जैसे लक्षणों वाले मरीजों की पहचान कर उनकी त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए। बीमारी का मुख्य स्रोत दूषित पानी होने की आशंका को देखते हुए अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के समन्वय से ग्रामीणों को स्वच्छ व उबला हुआ पानी पीने की सलाह देने और सार्वजनिक जल स्रोतों की क्लोरिनेशन प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा ।
स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) द्वारा पहले ही क्षेत्र के सार्वजनिक पेयजल स्रोतों, हैंडपंपों और पीड़ित परिवारों के घरों से पानी के सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। सीएमओ सर ने स्पष्ट किया है कि आम जनमानस की सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है।
स्थलीय दौरे के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ संबंधित क्षेत्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव और IDSP (इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम) टीम के डॉ. संतोष कुमार पांडेय आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *