Tue. Feb 17th, 2026

*जनपद रुद्रप्रयाग न्यायालय परिसर में धमकी भरा मेल प्राप्त होने के उपरान्त रुद्रप्रयाग पुलिस ने शुरू किया सघन चेकिंग अभियान व किये गये सुरक्षा के कड़े इंतजाम।*

आज दिनांक 17 फरवरी 2026 को माननीय जनपद न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग के माध्यम से पुलिस को एक अत्यन्त संवेदनशील सूचना प्राप्त हुई। सूचना के अनुसार, माननीय जिला एवं सत्र न्यायालय रुद्रप्रयाग की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक अज्ञात स्रोत से धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ है। मामले की गम्भीरता और सार्वजनिक सुरक्षा को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर ने स्वयं नेतृत्व संभालते हुए पुलिस एवं अभिसूचना सहित अन्य इकाइयों के साथ मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए एहतियात के तौर पर तत्काल पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया गया।

• सुरक्षा बलों की तैनाती- परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पीएसी की टीमें तैनात कर न्यायालय परिसर को खाली कराया गया तथा मुख्य द्वार पर ही आवाजाही को रोका गया।

• तकनीकी निरीक्षण- बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे न्यायालय परिसर का गहन तकनीकी निरीक्षण और सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

• जनपद स्तर पर अलर्ट- एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशानुसार, जिले के सभी न्यायालय परिसरों में पुलिस और इंटेलिजेंस की टीमें मुस्तैद हैं। प्रवेश द्वारों पर प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग (तलाशी) की गयी।

• कानूनी कार्यवाही और अपील- पुलिस अधीक्षक सुश्री नीहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त धमकी भरे मेल की गहनता से जांच की जा रही है और इसे भेजने वाले अज्ञात आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रुद्रप्रयाग में सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है, तथा ऐसे धमकी भरे ई-मेल भेजकर माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। रुद्रप्रयाग पुलिस निर्धारित एसओपी के तहत पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *