Tue. Jul 21st, 2026

75 लाख रुपये की सीएसआर निधि से निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर नंबर-2 के नवनिर्मित भवन का जिलाधिकारी ने किया लोकार्पण।

रुद्रपुर/गदरपुर । जनपद ऊधम सिंह नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) निधि से 75 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दुर्गापुर नंबर-2 का लोकार्पण जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड की पूरी टीम को विद्यालय के नवनिर्माण के लिए बधाई देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक, सुरक्षित, हवादार एवं पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी वाले विद्यालय भवनों का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय भवन के आकर्षक एवं मॉडल डिजाइन की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के डिजाइनों को अपनाने का प्रयास किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के समुचित रखरखाव एवं भविष्य में आवश्यक मरम्मत एवं अन्य सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन के उद्देश्य से ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के दो प्रतिनिधियों को विद्यालय प्रबंधन समिति में नामित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कंपनी के निदेशक से खटीमा विकासखंड के किसी अन्य राजकीय विद्यालय को भी सीएसआर के माध्यम से पुनर्निर्माण के लिए गोद लेने का अनुरोध किया।

ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के निदेशक नागराज गार्वेश्वरी ने कहा कि जिला प्रशासन के समन्वय से कंपनी द्वारा 75 लाख रुपये की लागत से इस विद्यालय का आधुनिक स्वरूप में पुनर्निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए कंपनी द्वारा दो अतिरिक्त शिक्षकों की भी व्यवस्था की गई है, जिनका मानदेय कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उन्होंने बताया कि नवनिर्मित दो मंजिला विद्यालय भवन में पांच आधुनिक कक्षाएं, एक पुस्तकालय, एक कंप्यूटर कक्ष, स्टोर रूम तथा स्टाफ रूम का निर्माण किया गया है।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी शावेज़। आलम, प्रधानाध्यापक अजीत कुमार, ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के सीनियर मैनेजर संतोष कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के दुलाल सरकार, अजीत हलदार, सुषमणी देवी, निशा देवी सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *