Mon. Jul 27th, 2026

30 जुलाई से पहले सीएम पोर्टल की लंबित शिकायतें निस्तारित करें अधिकारी: डीएम विशाल मिश्रा

सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 30 जुलाई को प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पोर्टल पर दर्ज समस्याओं की समीक्षा की जानी है, ऐसे में सभी विभाग अपने-अपने लंबित प्रकरणों का निस्तारण समय से पहले सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सोमवार को आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में भी अधिकारियों को सीएम पोर्टल की शिकायतों का अवलोकन कर उनका शीघ्र और प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए जाते हैं। इसके बावजूद कुछ प्रकरण अभी भी लंबित हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम पोर्टल पर दर्ज समस्याओं का निर्धारित समयावधि में निस्तारण अनिवार्य है। तय समय सीमा से अधिक समय तक लंबित रहने वाली शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

डीएम विशाल मिश्रा ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 जुलाई से पहले अपने विभाग से जुड़ी सभी शिकायतों का संज्ञान लेकर उनका निराकरण कर लिया जाए, ताकि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में कोई प्रकरण लंबित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *