Thu. Jul 23rd, 2026

सरकार जनता के द्वार: 25 जुलाई को अगस्त्यमुनि की सांदर ग्राम पंचायत में लगेगा शिविर, उप जिलाधिकारी करेंगे अध्यक्षता

सरकार की योजनाओं को सीधे गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत आगामी 25 जुलाई को विकास खंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत सांदर में विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग द्वारा की जाएगी। यह बैठक प्रातः 11 बजे से शुरू होगी।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहेंगे, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और निस्तारित किया जा सके।

तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी ने बताया कि इस दौरान गांव में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से निर्धारित तिथि और समय पर बैठक में प्रतिभाग करने की अपील की है।

तहसीलदार ने क्षेत्र के समस्त ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बैठक में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लें और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखें।

“सरकार जनता के द्वार” के तहत इस तरह के आयोजन से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाएं और योजनाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *