रक्षा बंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत जनपदभर में खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन कार्रवाई*
*जनपद हरिद्वार में विभिन्न मिठाई दुकानों, निर्माण इकाइयों एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण, कुल 18 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए*
*अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखी गई मिठाइयां नष्ट कराई गईं, बिना फूड लाइसेंस संचालित इकाइयों पर नोटिस व कार्रवाई की गई*
*हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखण्ड, देहरादून विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा रक्षा बन्धन एवं जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत दिये गये निर्देशों के क्रम में, आज जनपद हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों के द्वारा मिठाई दुकानों, मिठाई निर्माण इकाईयों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, कैलाश टम्टा द्वारा नगर निगम हरिद्वार के रानीपुर एवं लोधामण्डी, ज्वालापुर स्थित मिठाई निर्माण इकाईयों का निरीक्षण किया गया। लोधामण्डी, ज्वालापुर स्थित मिठाई सप्लायर-आरोड स्वीट्स एवं ट्रेडर्स पर अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे गये लगभग 80 किलो खुला रसगुल्ला को मौके से हटाकर नष्ट कराया गया। साथ ही मोहाली, पंजाब की मिठाई निर्माता कम्पनी को लेबल प्राविधानों का पालन न करने पर नोटिस दिया गया। लोधामण्डी, ज्वालापुर में ही स्थित एक इलायची दाना निर्माण इकाई को फूड लाइसेंस के बिना अवैध कारोबार करने पर अग्रिम आदेश तक बन्द कराया गया। मौके पर मिठाई-04 एवं इलायची दाना-01, कुल 05 नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिये गये।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, कपिल देव द्वारा ढंढेरा एवं मंगलौर स्थित मिठाई निर्माण इकाईयों एवं दुकानों का निरीक्षण किया गया। मूलचंद स्वीट्स, मंगलौर पर अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे गये लगभग 80 किलो खुला गुलाब जामुन मिठाई को मौके से हटाकर नष्ट कराया गया। फूड लाइसेंस के बिना अवैध कारोबार करने पर ढंढेरा स्थित 2 मिठाई दुकानों को नोटिस जारी किये गये। मौके पर मिठाईयों के 05 नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिये गये।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, दिलीप जैन द्वारा लक्सर में स्थित मिठाई निर्माण इकाईयों एवं दुकानों का निरीक्षण किया गया। मौके पर रक्षा बन्धन पर्व पर बिकने वाली मिठाईयों के 04 नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिये गये, जिसमें घेवर-02, सफेद रसगुल्ला-01 तथा मावा-01 नमूना शामिल है। बालावाली तिराहा स्थित आजाद स्वीट को मिठाई निर्माण स्थल पर गंदगी पाये जाने पर नोटिस जारी किया गया तथा सफाई कराने के बाद ही मिठाई निर्माण का आदेश दिया गया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, योगेन्द्र पाण्डेय द्वारा रूडकी शहर में स्थित मिठाई निर्माण इकाईयों एवं दुकानों तथा रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया। कैफे कॉफी डे रेस्टोरेन्ट, रूडकी में निरीक्षण में पायी गयी अनियमितताओं के कारण नोटिस जारी किया गया तथा प्रयोगशाला जांच हेतु गुलाब जामुन-01, घेवर-01, चॉकलेट-01 तथा एनर्जी ड्रिंक-01 सहित कुल 04 नमूने लिये गये।
इस प्रकार जनपद हरिद्वार में कुल 18 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिये गये।
