Thu. May 28th, 2026

मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के बीच जिला प्रशासन हर मोर्चे पर मुस्तैत, जिलाधिकारी स्वयं कर रहे हैं यात्रा कंट्रोल रूम से सतत निगरानी

मौसम विभाग की चेतावनी पर प्रशासन सतर्क, यात्रियों की सुरक्षा हेतु सभी एजेंसियां मुस्तैद

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जनपद रुद्रप्रयाग के कुछ क्षेत्रों में आज दिनांक 28 मई 2026 को रेड अलर्ट जारी किया गया है। ऊखीमठ, तुंगनाथ एवं आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 50 से 60 किमी प्रति घंटा से लेकर 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के दृष्टिगत जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा जिला आपात परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग स्थित यात्रा कंट्रोल रूम से समस्त यात्रा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है। यात्रा मार्गों एवं विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही की मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है।

जिलाधिकारी के निर्देशों पर यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन एवं संबंधित विभागों की टीमें 24×7 मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए SDRF, DDRF एवं अन्य एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

जिला प्रशासन द्वारा आम जनमानस, यात्रियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि खराब मौसम को देखते हुए अनावश्यक आवागमन से बचें, संवेदनशील स्थानों पर जाने से परहेज करें तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *