Sat. Jul 25th, 2026

मत्स्य विभाग द्वारा जन संवाद/मत्स्य किसान गोष्ठी का सफल आयोजन

रूद्रपुर – मत्स्य विभाग द्वारा शनिवार को विकास भवन सभागार में मत्स्य कृषकों के लिए जन संवाद/मत्स्य किसान गोष्ठी का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं, आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों तथा स्वरोजगार के नवीन अवसरों की जानकारी प्रदान करना एवं उनकी समस्याओं का समाधान करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष, उत्तराखण्ड मत्स्य पालक विकास अभिकरण उत्तम दत्ता व सीमा चैहान रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार मत्स्य पालन को एक लाभकारी एवं रोजगारपरक व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मत्स्य पालकों से विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।
उपाध्यक्ष सीमा चैहान ने महिला मत्स्य पालकों एवं युवा उद्यमियों को मत्स्य पालन से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
गोष्ठी में विषय विशेषज्ञ डॉ. शिव कुमार शर्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र, काशीपुर द्वारा आधुनिक मत्स्य पालन, जल गुणवत्ता प्रबंधन, रोग नियंत्रण, संतुलित आहार एवं वैज्ञानिक तकनीकों पर विस्तृत व्याख्यान दिया गया। उन्होंने मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने हेतु वैज्ञानिक उपायों पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक मत्स्य संजय कुमार छिमवाल ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, अनुदान प्रावधानों एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए अधिकाधिक किसानों से योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन मत्स्य निरीक्षक अमित कुमार कुशवाहा, द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक संजीव कुमार सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गोष्ठी के दौरान मत्स्य पालकों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों एवं समस्याओं का विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। कार्यक्रम में जनपद के बड़ी संख्या में मत्स्य पालकों, प्रगतिशील किसानों एवं विभागीय अधिकारियों/कर्मचारियों ने सहभागिता कर मत्स्य पालन क्षेत्र की नवीनतम जानकारियाँ प्राप्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *