Thu. Jun 25th, 2026

भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के दल ने किया रुद्रप्रयाग भ्रमण, विशेष गहन पुनरीक्षण संबंधी गतिविधियों का लिया जायजा

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों के निरीक्षण हेतु आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के दल ने जनपद रुद्रप्रयाग का भ्रमण किया। दल में आयोग के अवर सचिव अभिषेक तिवारी, अनुभाग अधिकारी गोपाल कृष्ण चाहर तथा सहायक अनुभाग अधिकारी प्रकाश सिंह शामिल रहे।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) संबंधी गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) से कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित गतिविधियों का स्थलीय अवलोकन कर निर्वाचन नामावलियों के शुद्धीकरण एवं अद्यतन कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करना था। इस दौरान अधिकारियों ने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, डिजिटाइजेशन कार्य तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

आयोग के अधिकारियों ने बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे मैदानी कार्यों, प्रलेखन एवं अभिलेखों का अवलोकन किया तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैठक में उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ ऊखीमठ अनिल रावत तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार जोशी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *