Thu. Jun 4th, 2026

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालित हो रही केदारनाथ यात्रा 2026, 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन

जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के कुशल नेतृत्व, सतत मॉनिटरिंग एवं प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्थाओं के चलते केदारनाथ यात्रा 2026 इस वर्ष सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु लगातार युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। यही कारण है कि अब तक 10,69,717 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ धाम के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं।

यात्रा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थलों पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। यात्रा मार्ग पर , एम्बुलेंस सेवा, प्राथमिक उपचार केंद्र, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई एवं नियमित कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था लगातार संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, घोड़ा-खच्चर संचालन तथा हेलीकॉप्टर सेवाओं की निगरानी भी प्रशासन द्वारा निरंतर की जा रही है।
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र एवं सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों को यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। मौसम की स्थिति एवं यात्रा मार्ग की निगरानी भी लगातार की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने अलकनंदा-मंदाकिनी संगम स्थित संगम व्यू प्वाइंट पहुंचकर तीर्थ यात्रियों से सीधे संवाद किया तथा यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता एवं यात्रा सुविधाओं की सराहना करते हुए यात्रा को व्यवस्थित एवं सुगम बताया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सहज यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *