Fri. May 29th, 2026

आयुक्त रंजना राजगुरु ने टिहरी कलेक्ट्रेट, तहसील कार्यालय एवं मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का किया निरीक्षण

राजस्व परिषद की आयुक्त एवं सचिव तथा सचिव, आयुष एवं आयुष शिक्षा, उत्तराखण्ड शासन रंजना राजगुरु द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल के कलेक्ट्रेट परिसर, तहसील कार्यालय एवं मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया गया।

आयुक्त द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राजस्व विभाग एवं तहसील टिहरी के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की प्रगति, अभिलेखों के रख-रखाव तथा कार्यालय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी न्यायालय एवं उप जिलाधिकारी न्यायालय से संबंधित विभिन्न वादों की फाइलों का अवलोकन करते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयों में नियमित सुनवाई सुनिश्चित करते हुए कार्यों को अधिक प्रभावी बनाए जाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अमीनों की रसीदों एवं जमा अभिलेखों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त अभिलेखागार एवं मॉडर्न रिकॉर्ड रूम में खाता-खतौनी सहित अन्य राजस्व अभिलेखों के रख-रखाव का भी निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संरक्षण एवं अद्यतन रख-रखाव के निर्देश दिए।

नजारत अनुभाग में रजिस्टरों एवं डाक निस्तारण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री राहत कोष वितरण, पेंशन प्रकरणों तथा ऑडिट रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त ने निर्देशित किया कि भूमि से जुड़े प्रकरणों की ऑनलाइन प्राप्ति एवं उनके निस्तारण की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

इस निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *