Tue. May 26th, 2026

आईआरसीटीसी ने की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाने की घोषणा

टूर पैकेज के जरिए कर सकेंगे सात ज्योर्तिलिंग व दक्षिण भारत की यात्रा

हरिद्वार, 26 मई। आईआरसीटीसी ने अगले महीने योग नगरी ऋषिकेश स्टेशन से दो भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाने की घोषणा की है। पहली ट्रेन 12 से 23 जून तक सात ज्योतिर्लिंग की यात्रा कराएगी, जबकि 29 जून से 10 जुलाई तक चलने वाली दूसरी ट्रेन दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराएगी। यात्री अपनी सुविधा अनुसार योगनगरी ऋषिकेश व हरिद्वार सहित कई स्टेशनों से ट्रेन में सवार हो सकेंगे। मंगलवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर आयोजित पत्रकारवार्ता में जानकारी देते हुए आईआरसीटीसी के ज्वाइंट जनरल मैनेजर वीएन शुक्ला ने बताया कि 12 जून को योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से शुरू होने वाली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर, सोमनाथ, त्रयंबकेश्वर, भीमाशंकर व घृणेश्वर ज्योर्तिलिंगों के दर्शन कराएगी। उन्होंने बताया कि 11 रात और 12 दिन के इस टूर के लिए आईआरटीसी ने 24,100 प्रति व्यक्ति पैकेज तय किया है। पैकेज में स्लीपर क्लास का कंफर्म टिकट, खाना व ठहरने की सुविधा शामिल है। थर्ड एसी के लिए 40,890 व सेकेंड एसी के लिए 54,390 चुकाने होंगे। ईएमआई के जरिए भी पैकेज लिया जा सकता है। वीएन शुक्ला ने बताया कि 29 जून से 10 जुलाई संचालित होने वाली दूसरी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के मीनाक्षी मंदिर मदुरे, तिरूपति बालाजी व मल्लिकार्जुन ज्योर्तिलिंग के दर्शन कराएगी। दक्षिण भारत यात्रा के इस टूर के लिए प्रति व्यक्ति पैकेज स्लीपर क्लास में 24,350, थर्ड एसी में 41,800 व सेकेंड एसी में 55,750 रूपए निर्धारित किया गया है। पैकेज में ट्रेन यात्रा, ठहरने की व्यवस्था, शाकाहारी भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए बस सुविधा शामिल रहेगी। पत्रकारवार्ता में सहायक पर्यटन प्रबंध अधिकारी नवीन गोयल, आईआरटीसी के स्टेशन अधिकारी अमित कुमार राणा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *