Sat. Jul 4th, 2026

अगस्त्यमुनि में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन

विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को दी सरकारी योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव, योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव

5 वर्ष की जनसेवा, सुशासन एवं विकास यात्रा को समर्पित सेवा पखवाड़ा का जनपद भर में हुआ शुभारंभ

जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि क्रीड़ा भवन में सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सेवा सप्ताह के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करना रहा। कार्यक्रम में जनपद के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उन्होंने अपनी समस्याओं, सुझावों एवं मांगों को जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा क्रीड़ा परिसर में अपने-अपने विभागों से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों एवं आमजन को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, मत्स्य, पर्यटन, डेयरी, सहकारिता, रीप, बाल विकास, उद्योग, पशुपालन, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, आजीविका, स्वरोजगार सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल के माध्यम से योजनाओं, पात्रता और लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोगों ने इन स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत, लोकनृत्य एवं नाटिकाओं के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं, जनहितकारी कार्यक्रमों तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और मनोरंजन के साथ-साथ जनजागरूकता का संदेश भी दिया। इसके साथ ही विभिन्न महिला मंगल दलों व स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा भी कार्यक्रम में प्रस्तुति दी गई।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है तथा उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने में सहायता मिली। कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग द्वारा सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार तथा साहित्य का वितरण किया गया। इस अवसर पर सफाई अभियान चलाते हुए स्वच्छता का संदेश दिया गया। साथ ही नशा मुक्त भारत,सहित मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, स्वरोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से इस प्रकार के जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। इस वर्ष केदारनाथ यात्रा सहित चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन व्यवसाय और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने उपस्थित आम जनमानस से सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने की अपील की है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सप्ताह के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन के द्वार’ कार्यक्रम को पूरे पखवाड़े भर जनपद में व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत आज से कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनना, उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनमानस की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा भारत भूषण भट्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी तथा राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा वाचस्पति सेमवाल, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह अन्य विभागीय अधिकारियों सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।सभी अतिथियों ने कार्यक्रम को जनसरोकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से सरकार और जनता के बीच संवाद मजबूत होता है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहायता मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *