Wed. Jul 29th, 2026

बीएचईएल ने अपनी वैश्विक उपस्थिति मजबूत की – अंतरराष्ट्रीय परिचालन प्रभाग ने गैस क्षेत्र में प्रतिष्ठित ऑर्डर हासिल किया

हरिद्वार: भारत सरकार के उद्यम, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने नाइजीरिया के डांगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज से आठ (8) गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेजों की आपूर्ति और उनके निर्माण एवं चालू करने (कमीशनिंग) के पर्यवेक्षण का एक महत्वपूर्ण ऑर्डर हासिल कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी इंजीनियरिंग और विनिर्माण क्षमता को फिर से साबित किया है।

कड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के बीच हासिल किया गया यह ऑर्डर, डांगोटे समूह के हिस्से – डांगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज, नाइजीरिया द्वारा दिया गया है। यह समूह अफ्रीका के सबसे बड़े और सबसे विविध व्यापारिक समूहों में से एक है, जिसका कारोबार तेल शोधन, पेट्रोकेमिकल्स, उर्वरक, सीमेंट, चीनी, पैकेजिंग और अन्य क्षेत्रों में फैला हुआ है।

कार्य के दायरे में आठ गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेजों का निर्माण और आपूर्ति के साथ-साथ साइट पर निर्माण और कमीशनिंग गतिविधियों का पर्यवेक्षण शामिल है। इन उपकरणों का निर्माण बीएचईएल की हैदराबाद और बेंगलुरु स्थित इकाइयों में किया जाएगा।

मात्रा और मूल्य दोनों के लिहाज से गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेजों के लिए आपूर्ति और पर्यवेक्षण के आधार पर कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा एकल (सिंगल) ऑर्डर होने के कारण, यह ऑर्डर बीएचईएल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह ऑर्डर दुनिया भर में बीएचईएल की पहुंच को और बढ़ाएगा तथा एक वैश्विक इंजीनियरिंग उद्यम के रूप में बीएचईएल की क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा।

बीएचईएल ने कई अन्य अफ्रीकी देशों को विभिन्न प्रकार के उत्पादों और उपकरणों की आपूर्ति करने के अलावा, मिस्र, इथियोपिया, लीबिया, रवांडा, सेनेगल और सूडान जैसे देशों में बिजली क्षेत्र की परियोजनाओं के सफल निष्पादन के माध्यम से पूरे अफ्रीका में अपनी मजबूत उपस्थिति स्थापित की है। कंपनी ने इससे पहले नाइजीरिया की क्रॉस रिवर स्टेट सरकार को 26 मेगावाट गैस टर्बाइन जेनरेटर पैकेज की आपूर्ति और उसके निर्माण एवं कमीशनिंग के पर्यवेक्षण का ऑर्डर भी निष्पादित किया है।

कंपनी 4 दशकों से अधिक समय से भारत और विदेशों में विभिन्न ग्राहकों को गैस टर्बाइनों का निर्माण और आपूर्ति कर रही है तथा गैस टर्बाइन और जेनरेटर के दुनिया के विश्वसनीय निर्माताओं में से एक है।

बीएचईएल के पास लगभग 250 गैस टर्बाइनों की आपूर्ति का एक शानदार रिकॉर्ड है, जिसमें से 20% से अधिक आपूर्ति विदेशी ग्राहकों को की गई है, जो इस क्षेत्र में इसकी प्रभावशाली इंजीनियरिंग और विनिर्माण दक्षताओं को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *