Fri. Jul 17th, 2026

*हरेला पर्व पर भिलंगना में स्थापित हुआ “गुरु स्मृति वन”, जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण*

हरेला पर्व के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड भिलंगना में विधायक श्री शक्ति लाल शाह एवं प्रमुख श्री राजीव कंडारी के नेतृत्व में हरेला कार्यक्रम-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड में “गुरु स्मृति वन” की स्थापना की गई। इस पहल की परिकल्पना ग्राम्य विकास मंत्री श्री भरत चौधरी द्वारा की गई है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित अतिथियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” तथा “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

इस अवसर पर हिमालयन स्कूल के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

हरेला पर्व के साथ विकासखंड स्तर पर जल उत्सव कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शक्ति लाल शाह ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति एवं प्रकृति संरक्षण का प्रतीक पर्व है। उन्होंने सभी लोगों से एक पौधा अपनी माँ के नाम तथा एक पौधा अपने गुरु के नाम अवश्य लगाने का आह्वान किया।

विकासखंड प्रमुख राजीव कंडारी ने सभी क्षेत्रवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता को आवश्यक बताया। कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विधायक एवं प्रमुख द्वारा साड़ियां वितरित की गईं।

इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख, कनिष्ठ प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, प्रधान प्रतिनिधि, बीडीओ विपिन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *