Tue. Jun 23rd, 2026

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में 61 शिकायतें दर्ज, 40 का मौके पर निस्तारण

राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत सोमवार को विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत मणिगुह में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक केदारनाथ माननीय आशा नौटियाल ने की।इस दौरान शिविर के दौरान फरियादियों द्वारा कुल 61 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 40 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी ने मालखी के नैनी तोक में सड़क के दोनों ओर सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जी.एस. नेगी ने सड़क से विद्यालय तक इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने की आवश्यकता बताई।इसके अलावा, ग्राम प्रधान मालखी संदीप सिंह नेगी ने ख्याल्यो क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापित किए जाने की मांग रखी। वहीं ग्रामीण विमला देवी ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु खेतों में घेरबाड़ किए जाने की मांग उठाई।

इसके साथ ही शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शिविर में अपने-अपने सूचना एवं सेवा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी शिविर में पहुंचे लोगों को उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया, जिससे अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएं और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। हमारी प्राथमिकता है कि अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे और हर जरूरतमंद को राहत मिले।

इस दौरान प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत,खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश साह,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग इंद्रजीत बोस सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *