Wed. Jun 17th, 2026

भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का दल करेगा रुद्रप्रयाग भ्रमण, विशेष गहन पुनरीक्षण एवं निर्वाचन साक्षरता गतिविधियों का करेंगे अवलोकन

जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) की प्रगति तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया एवं संचार रणनीति की तैयारियों के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के उप निदेशक अपूर्व कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय वरिष्ठ अधिकारियों का दल दिनांक 19 जून 2026 (शुक्रवार) को जनपद रुद्रप्रयाग के भ्रमण पर रहेगा।

दल में गौरी एस., सहायक निदेशक, भारत निर्वाचन आयोग तथा रंजीत श्रीवास्तव, वरिष्ठ वीडियो संपादक भी सम्मिलित रहेंगे। भ्रमण का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित गतिविधियों का स्थलीय अवलोकन करने के साथ-साथ निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया एवं संचार रणनीति से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रलेखन करना है।

भ्रमण के दौरान अधिकारीगण विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) के साथ प्रलेखन (Documentation) करेंगे तथा मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों का अवलोकन करेंगे।

इसके अतिरिक्त, अधिकारियों द्वारा निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club-ELC) के सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया जाएगा। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग की नवीन पहलों पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा तथा निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने में निर्वाचन साक्षरता क्लबों की भूमिका, युवा मतदाताओं की सहभागिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *