विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 प्रथम चरण के प्रशिक्षण के आयोजन को लेकर बैठक सम्पन्न
आज मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड द्वारा प्रदेश के समस्त जनपदों के जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के संबंध में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद स्तर पर 23 मई तक सभी बीएलओ (BLO) के साथ बैठकें आयोजित कर प्रथम चरण की तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही 01 जून से 05 जून तक आयोजित होने वाले द्वितीय चरण के प्रशिक्षण हेतु विस्तृत कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ नियमित समन्वय बैठकें आयोजित की जाएं। इसके अंतर्गत प्रत्येक सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) तथा प्रत्येक मंगलवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। यह प्रक्रिया 01 जून से प्रारंभ होकर निर्वाचक नामावली के प्रकाशन तक जारी रहेगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मैप्ड निर्वाचकों का विवरण डाउनलोड कर उसका परीक्षण किया जाए तथा VIP निर्वाचकों की फ्लैगिंग 20 मई तक ECI Net पर सुनिश्चित की जाए। सभी बीएलओ को निर्देशित किया गया कि वे फील्ड भ्रमण के दौरान अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र साथ रखें।
इसके अतिरिक्त तार्किक विसंगतियों (Logical Discrepancy) की रिपोर्ट तैयार करने एवं निर्वाचन संबंधी समस्त अभिलेखों का सावधानीपूर्वक परीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
इस बैठक में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एसडीएम टिहरी कमलेश, डीपीआरओ एम एम खान, एडीईओ (निर्वाचन) विजय तिवारी सहित अन्य सभी नोडल अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
