Tue. May 12th, 2026

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा केयर कॉलेज में जीएनएम पाठ्यक्रम को लेकर छात्रों के साथ कथित धोखाधड़ी एवं आईएनसी (Indian Nursing Council) से अप्रूव्ड न होने के मुद्दे पर कॉलेज परिसर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन लगातार दो दिनों तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं परिषद कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं की कॉलेज प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एसीएमओ एवं तहसील प्रशासन के अधिकारियों से तीखी नोंकझोंक भी हुई। परिषद कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज द्वारा छात्रों को उचित जानकारी दिए बिना प्रवेश दिलाए गए, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित होता है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। लंबे विरोध प्रदर्शन एवं वार्ता के बाद कॉलेज प्रशासन ने लिखित एवं मौखिक रूप से आश्वासन दिया कि यदि कॉलेज की वजह से किसी छात्र को शैक्षणिक या भविष्य संबंधी नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी कॉलेज स्वयं वहन करेगा तथा आवश्यक कार्यवाही करेगा।
इस दौरान परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और किसी भी छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला संगठन मंत्री अमन सिंह तोमर ने कहा कि –
विद्यार्थियों को गलत जानकारी देकर प्रवेश दिलाना बेहद गंभीर विषय है। यदि किसी भी छात्र का भविष्य खराब होता है तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चुप नहीं बैठेगी। हमारा आंदोलन छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए है।
छात्र विशाल ने कहा –
हमें एडमिशन के समय पूरी जानकारी नहीं दी गई। अब हमारे भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। एबीवीपी ने हमारी आवाज उठाई, इसके लिए हम परिषद का धन्यवाद करते हैं।
कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि किसी भी विद्यार्थी का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा तथा आवश्यक कार्यवाही एवं समाधान कॉलेज द्वारा किया जाएगा। इस दौरान सूर्या प्रताप राणा, अभिजीत पाल, आशीष त्रिपाठी, पीयूष मलिक टाटा, शुभम एवं अन्य विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *