Mon. Feb 16th, 2026

हरिद्वार। राजधानी देहरादून में कांग्रेस के खिलाफ किए गए विरोध प्रदर्शन की कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आलोचना की है। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह एवं कांग्रेस अनुसूचित विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा कि सत्ता के इशारे पर प्रदेश में सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए लोगों को किन मुद्दों लेकर विरोध किया जा रहा है। इसकी जानकारी तक नहीं थी। सोची समझी नीयत से दलित समाज को इस्तेमाल किया गया। बालेश्वर सिंह एवं तीर्थपाल रवि ने कहा कि प्रदर्शन में दलित समाज के वह लोग भी शामिल थे। जिन्होंने समाज के साथ अत्याचार और शोषण के खिलाफ कभी आवाज नहीं उठायी। उन्होंने कहा कि बेलड़ा प्रकरण, शांतरशाह में दलित बेटी के साथ बलात्कार और हत्या, वंदना कटारिया स्टेडियम का नाम बदलने, पंचायत चुनाव में वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशपाल आर्य के साथ अभद्रता, ओवरलोडिंग वाहनों से होने वाली दुर्घटनाएं, नशे का कारोबार आदि मुद्दों पर इन नेताओं ने हमेशा चुप्पी साधे रखी। तीर्थपाल रवि ने कहा कि समरसता भवन एवं सामुदायिक भवन की घोषणा आज तक पूरी नहीं की गई है। जात-पात धर्म के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेकी जा रही हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर, सीपी सिंह, वेदपाल तेजियान, अजय दास महाराज ने प्रदर्शन पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि समाज को जात-पात धर्म के नाम पर बांटने का काम किया जा रहा है। धर्म की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रैसवार्ता के दौरान मनोज सैनी, दिनेश कुमार, प्रियव्रत सिंह, राजेंद्र कुमार, विक्रम तेजयान, कैलाश प्रधान, अक्षय नागपाल, झंडा सिंह, सत्यपाल शास्त्री, सतीश दुबे, वीरेंद्र श्रमिक आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *