Wed. Sep 9th, 2026

कुंभ मेला कार्यों में स्थानीय सुझावों को मिल रहा पूरा महत्व, मेला प्रशासन की जनसंवाद की मुहिम जारी

दूधाधारी चौक से जटवाड़ा पुल तक की ओडीएन सड़क के नवीनीकरण योजना को लेकर पार्षदों, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से किया संवाद

मेला प्रशासन की इस मुहिम की नागरिकों ने की सराहना

हरिद्वार,  कुंभ मेला-2027 की तैयारियों एवं निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के साथ ही मेला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं अन्य सभी हितबद्ध लोगों के सुझावों और फीडबैक को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर मेला प्रशासन एवं निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों द्वारा विभिन्न परियोजनाओं को लेकर स्थानीय लोगों से निरंतर संवाद कर उन्हें योजनाओं की जानकारी देने तथा उनके उपयोगी सुझावों को कार्ययोजनाओं में शामिल करने की पहल की जा रही है।

इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने बुधवार को भूपतवाला क्षेत्र के पार्षदों, व्यापारियों, प्रबुद्धजनों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर दूधाधारी चौक से जटवाड़ा पुल तक सड़क नवीनीकरण की योजना की विस्तार से जानकारी दी और परियोजना के संबंध में उनके सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए।

निष्काम सेवा ट्रस्ट के सभागार में आयोजित बैठक में अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के कार्यों में स्थानीय लोगों की सुविधा और सहूलियत का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद किया जा रहा है, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय आवश्यकताओं एवं उपयोगी सुझावों का समुचित समावेश किया जा सके।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की मांग के अनुरूप सड़क के किनारे प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइट पोल लगाए जाएंगे। वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए उपयुक्त स्थानों पर रंबल स्ट्रिप तथा आवश्यकता के अनुसार डिवाइडर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में कुंभ मेला की मद से पार्किंग एवं शौचालय निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर मेला प्रशासन को अवगत कराने का भी आग्रह किया।

अपर मेलाधिकारी ने बताया कि पुराने दिल्ली-नीति पास राज्य मार्ग (ओ.डी.एन.)के इस हिस्से सहित हरिद्वार शहर में लोक निर्माण विभाग के अधीन अन्य आंतरिक मार्गों के बीसी (ब्लैक टॉप) नवीनीकरण एवं अन्य कार्यों के लिए कुंभ मेला मद से सरकार द्वारा ₹2164.49 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता श्री योगेश कुमार ने दूधाधारी चौक से जटवाड़ा पुल तक सड़क नवीनीकरण योजना की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि सड़क को लगभग 10 से 11 मीटर चौड़ाई में ब्लैक टॉप किया जाएगा। सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए ड्रेनेज का प्रावधान भी किया गया है। सड़क के दोनों ओर बाहरी हिस्से में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी तथा पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए रेज्ड फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क नवीनीकरण के तहत प्रस्तावित सभी कार्य वर्तमान सड़क क्षेत्र के भीतर ही किए जाएंगे और परियोजना के दायरे में कोई भवन प्रभावित नहीं होगा।

बैठक में नगर निगम पार्षद श्री महावीर वशिष्ठ, पार्षद श्री सूर्यकांत शर्मा, पार्षद श्री अनिल वशिष्ठ, पूर्व पार्षद श्री लखन लाल चौहान, वरिष्ठ नागरिक श्री सुभाष कपिल, श्री गुलशन नैयर, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि श्री अजय अरोड़ा सहित क्षेत्र के अन्य नागरिकों ने योजना को लेकर अपने सुझाव दिए तथा क्षेत्र की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं नागरिकों ने मेला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों से पहले स्थानीय लोगों से संवाद किए जाने से क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को योजनाओं में शामिल करने में मदद मिलेगी और इसका लाभ स्थानीय नागरिकों के साथ ही कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी लंबे समय तक मिल सकेगा।

इस दौरान तहसीलदार श्री चमन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *