Sun. Sep 27th, 2026

*कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत के निर्देश*

उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लगातार हो रही भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। मंत्री कैड़ा ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और आपदा से प्रभावित स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान मंत्री ने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, बाधित पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला एवं क्षेत्रीय प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से प्रभावित सड़कों, पेयजल लाइनों और विद्युत आपूर्ति को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने धारी ब्लॉक के अंतर्गत परबड़ा पहुंचकर स्वर्गीय गोपाल सिंह जी (पुत्र श्री लाल सिंह जी) के परिजनों से भेंट की। विगत माह अक्सोड़ा के जंगल में हुए उनके दुखद निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आपदा मद से मृतक के परिजनों को 4 लाख की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा से हुए कुल नुकसान का पारदर्शी एवं शीघ्र आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार जल्द से जल्द मुआवजा और राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने आपदा मद से अति-संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक (प्रोटेक्शन) कार्य प्राथमिकता पर कराने के भी आदेश दिए।

स्थानीय जनता को आश्वस्त करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा, “राज्य सरकार आपदा से हुए नुकसान की इस संकट की घड़ी में प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी है। राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *