Tue. Aug 4th, 2026

ऊखीमठ तहसील दिवस में 47 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर हुआ निस्तारण

जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को विकासखंड सभागार, ऊखीमठ में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

तहसील दिवस में स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 47 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत दैड़ा के प्रधान प्रेम सिंह ने बताया कि दैड़ा-मस्तूरा में आकाश कामिनी नदी की ओर से विद्यालय को जाने वाला मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम बुरुवा के प्रधान मदन सिंह ने गांव की पेयजल लाइनों के एकीकरण की मांग उठाई। वहीं डुंगर-सेमाला की प्रधान मीनाक्षी देवी ने उरेडा विभाग के माध्यम से गांव में सोलर लाइटें स्थापित किए जाने का अनुरोध किया। नगर पंचायत ऊखीमठ की सभासद सरला रावत ने मस्तोली तोक में गदेरे की ओर से हो रहे कटाव को रोकने तथा मकानों की सुरक्षा के लिए चेकडैम निर्माण की आवश्यकता बताई।

उषाड़ा के ग्रामीणों ने राजकीय जूनियर हाई स्कूल उषाड़ा में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग रखी। हर्षवर्द्धन सेमवाल ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय उथिंड की क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन को शीघ्र दुरुस्त कराने का अनुरोध किया, जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य सांकरी उमेश चंद्र ने गुप्तकाशी में आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि तहसील दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा लंबित मामलों में नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ऊखीमठ श्रीमती कुब्जा धर्मवाण, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल सिंह रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला उद्यान अधिकारी आर.पी. जसौला, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *