Tue. Sep 29th, 2026

कीवी उत्पादन से स्वरोजगार की राह पर बढ़ीं जखोली की मुन्नी देवी

जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड जखोली के ग्राम कोठीयाडा निवासी मुन्नी देवी ने कीवी उत्पादन को व्यक्तिगत उद्यम के रूप में अपनाकर स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। पहाड़ी क्षेत्र में उपलब्ध कृषि एवं बागवानी संसाधनों का सदुपयोग करते हुए उन्होंने कीवी उत्पादन को अपनी आजीविका का माध्यम बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

रीप ग्रामोत्थान परियोजना, रुद्रप्रयाग के अंतर्गत मुन्नी देवी को कीवी उत्पादन संबंधी उद्यम के लिए ₹75,000 का सहयोग प्रदान किया गया। इसके साथ ही ₹1,50,000 का बैंक ऋण तथा ₹75,000 का स्वयं का अंशदान मिलाकर उद्यम की कुल लागत ₹3 लाख निर्धारित की गई है।

परियोजना के माध्यम से मिले वित्तीय सहयोग से कीवी उत्पादन गतिविधि को विकसित करने और कृषि आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने का अवसर मिला है। पहाड़ी क्षेत्रों में कीवी जैसी उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों की संभावनाओं को देखते हुए वैज्ञानिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री, उचित देखभाल एवं बेहतर बाजार से जुड़ाव के माध्यम से ग्रामीण परिवार अपनी आय के स्थायी साधन विकसित कर सकते हैं।

मुन्नी देवी का यह प्रयास ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनके द्वारा व्यक्तिगत उद्यम के रूप में कीवी उत्पादन को अपनाया जाना यह दर्शाता है कि स्थानीय संसाधनों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी उपयोग से ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *