Fri. Sep 25th, 2026

*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति की बैठक में पत्रकारों ने रखे विभिन्न सुझाव एवं समस्याएं*

*पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश*

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति की सितंबर माह की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के वरिष्ठ पत्रकारों एवं समिति के सदस्यों द्वारा पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं समस्याओं को जिलाधिकारी के सम्मुख रखा गया।

बैठक में वरिष्ठ पत्रकार अनसूया प्रसाद मलासी द्वारा कतिपय सोशल मीडिया पेजों पर पत्रकारों के विरुद्ध अभद्र टिप्पणियों एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रकाशित किए जाने का मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमानुसार मामले की जांच के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पत्रकार अनसूया प्रसाद मलासी द्वारा जनपद में कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारियों से पत्रकारों को फोन के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी आग्रह किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ मीडिया को आवश्यक एवं अधिकृत सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद डिमरी द्वारा दिवंगत पत्रकार दिलबर बिष्ट के परिवार को पत्रकार कल्याण कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी पत्नी को पेंशन दिए जाने का अनुरोध किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्रकरण में आवश्यक पत्राचार शासन स्तर पर किए जाने की जानकारी दी। पेंशन प्रकरण में समाज कल्याण विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही गतिमान होने की जानकारी भी दी गई।

बैठक में लक्ष्मी प्रसाद डिमरी द्वारा निजी वाहनों पर ‘प्रेस’ लिखकर घूमने वाले तथा स्वयं को पत्रकार बताने वाले व्यक्तियों के संबंध में भी कार्रवाई का अनुरोध किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को वाहनों की नियमानुसार चेकिंग करते हुए ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पत्रकार बृजेश भट्ट द्वारा श्री केदारनाथ धाम में प्लास्टिक प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू करने तथा प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को केदारनाथ धाम एवं यात्रा मार्ग पर प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। प्रशासन एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में मदद मिलती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्रकारों द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के मामलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ पत्रकार दैनिक जागरण बृजेश भट्ट, दैनिक जनलहर के देवेंद्र चमोली, साप्ताहिक अनिकेत के अनसूया प्रसाद मलासी, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, वरिष्ठ पत्रकार दैनिक हिंदुस्तान बद्री नौटियाल, दैनिक अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार एवं ब्यूरो चीफ राजेश सेमवाल तथा इंस्पेक्टर साइबर सेल मनोज रावत सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed