Fri. Sep 18th, 2026

हरिद्वार। नोएडा के चर्चित निठारी हत्याकांड से जुड़े रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार के सप्त सरोवर क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव लालमाता मंदिर के सामने स्थित एक चाय के किराए के खोखे से बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को अल्मोड़ा में घटना की सूचना दे दी गई है।

सप्त ऋषि पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि सप्त सरोवर रोड स्थित एक दुकान में व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। जांच करने पर उसकी पहचान सुरेंद्र कोली (निवासी ग्राम मंगरुखाल, भिकियासैंण, जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड) के रूप में हुई। जेल से रिहा होने के बाद वह हरिद्वार में किराए पर चाय का खोखा चलाकर अपनी आजीविका चला रहा था।

घटनास्थल की गहन जांच के बाद पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आसपास के स्थानीय लोगों और दुकानदारों से पूछताछ की जा रही है।

“पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।”

कुंदन सिंह राणा, शहर कोतवाल, हरिद्वार

वर्ष 2006 के निठारी कांड में नाम सामने आने के बाद सुरेंद्र कोली लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया से गुजरा:

  • जुलाई 2025: सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए उसे 12 मामलों में बरी करने पर मोहर लगाई थी।

  • नवंबर 2025: सुप्रीम कोर्ट ने अंतिम लंबित मामले में भी दोषसिद्धि रद्द कर तत्काल रिहाई का निर्देश दिया था।

सभी मामलों से बरी होकर जेल से बाहर आने के महज कुछ महीनों बाद हुई इस घटना की पुलिस हर संभावित पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *