पंतनगर हवाई अड्डे पर आतंकवाद विरोधी मॉक अभ्यास सफलतापूर्वक आयोजित
संबंधित सुरक्षा एवं आपातकालीन एजेंसियों ने किया समन्वित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया का प्रदर्शन
पंतनगर। पंतनगर हवाई अड्डे पर आज दिनांक 10 सितम्बर 2026 को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आतंकवाद विरोधी मॉक अभ्यास (Counter Terrorist Mock Exercise) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। मॉक अभ्यास की अध्यक्षता जिलाधिकारी के प्रतिनिधि श्री उमाशंकर नेगी, जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण एवं विमानपत्तन निदेशक श्री पवन कुमार द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
इस मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य हवाई अड्डे पर आतंकवादी घटना जैसी आकस्मिक परिस्थितियों के दौरान विभिन्न सुरक्षा, प्रशासनिक, पुलिस, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य एजेंसियों की तत्परता, आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया एवं निर्धारित कार्यप्रणाली का परीक्षण करना था।
मॉक अभ्यास का घटनाक्रम
अभ्यास के दौरान पंतनगर हवाई अड्डे के पार्किंग क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मी द्वारा आतंकवादी घटना की सूचना APSU नियंत्रण कक्ष को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही APSU नियंत्रण कक्ष द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस नियंत्रण कक्ष, जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र (DEOC), विमानपत्तन निदेशक, अग्निशमन नियंत्रण कक्ष, स्वास्थ्य सेवाओं, आतंकवाद विरोधी दस्ता (ATS) सहित संबंधित एजेंसियों को तत्काल सूचित किया गया।
सूचना प्राप्त होते ही विमानपत्तन निदेशक द्वारा एयरोड्रोम समिति के गठन हेतु मुख्य सुरक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए। संभावित आतंकवादियों को टर्मिनल भवन में प्रवेश करने से रोकने के उद्देश्य से APSU कर्मियों द्वारा तत्काल बैरिकेडिंग करते हुए रणनीतिक स्थिति ग्रहण की गई तथा आतंकवादियों की आगे की गतिविधि को प्रभावी रूप से रोका गया।
मॉक अभ्यास के दौरान ATC द्वारा संबंधित सभी विभागों को टर्मिनल भवन एवं पार्किंग क्षेत्र में निर्धारित गतिविधियों को अभ्यास की समाप्ति तक स्थगित रखने की सूचना दी गई। इसके उपरान्त एयरोड्रोम समिति द्वारा आतंकवाद विरोधी दस्ते को आतंकवादियों को निष्क्रिय करने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देश प्राप्त होने पर आतंकवाद विरोधी दस्ता (ATS) द्वारा निर्धारित कार्यप्रणाली के अनुरूप त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए सभी आतंकवादियों को निष्क्रिय किया गया। कार्रवाई पूर्ण होने के उपरान्त ATS कमांडर द्वारा इसकी सूचना एयरोड्रोम समिति को दी गई। स्थिति सामान्य पाए जाने पर समिति के अध्यक्ष द्वारा आतंकवाद विरोधी मॉक अभ्यास के सफल समापन की घोषणा की गई।
विभिन्न एजेंसियों ने किया सक्रिय प्रतिभाग
मॉक अभ्यास में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ-साथ जिला प्रशासन, पुलिस, खुफिया एवं सुरक्षा एजेंसियों, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
अभ्यास में प्रमुख रूप से श्री उमाशंकर नेगी, जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण; श्री लक्ष्मीकांत उपाध्याय, APSU प्रभारी; श्री हरीश चन्द्र, ACIO, IB; श्री जयपाल सिंह, ASI, LIU; श्री नरेन्द्र सिंह, ASI, ATS; श्री नंदन सिंह रावत, थाना प्रभारी, पंतनगर; श्री गणेश बिष्ट, प्रभारी, फायर सर्विस; जिला अस्पताल की मेडिकल टीम के डॉ. सुधीर गुप्ता; जी.बी. पंत विश्वविद्यालय की मेडिकल टीम के डॉ. दीपक त्रिपाठी तथा स्पेशल ब्यूरो के श्री आदेश कुमार सहित संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
मॉक अभ्यास के दौरान सभी संबंधित एजेंसियों द्वारा त्वरित सूचना आदान-प्रदान, प्रभावी संचार, आपसी समन्वय एवं निर्धारित SOP के अनुरूप कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया।
अभ्यास के समापन पर अध्यक्ष द्वारा मॉक अभ्यास में सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, सुरक्षा एजेंसियों, विभागों एवं कार्मिकों का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में समन्वित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने तथा कमियों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पंतनगर हवाई अड्डा भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित मॉक अभ्यासों के माध्यम से अपनी सुरक्षा एवं आपातकालीन तैयारियों को निरंतर सुदृढ़ करता रहेगा।
