Tue. Sep 8th, 2026

*अमृता विश्व विद्यापीठम, हरिद्वार कैंपस में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन*

*मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने युवाओं से नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया*

*हरिद्वार,।  अमृता विश्व विद्यापीठम, हरिद्वार कैंपस में माता अमृतानंदमयी मठ की युवा शाखा अयुद्ध (AYUDH) के सहयोग से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सकारात्मक भूमिका को सशक्त बनाना था।

          कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और एक स्वस्थ, जागरूक एवं नशा-मुक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

     कार्यक्रम में हरिद्वार एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के सब-इंस्पेक्टर एल.एस.बुटोला ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य,परिवार और करियर तीनों को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

         माई भारत (MyBharat) के जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के उद्देश्यों, युवाओं की भागीदारी और जन-जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं अयुद्ध इंडिया के राष्ट्रीय समन्वयक ब्रह्म. मोक्षामृत चैतन्य ने छात्रों को नशे के खिलाफ जिम्मेदार युवा योद्धा बनने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।

        अमृता अस्पताल की नशा-मुक्ति विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मी ने युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से मस्तिष्क, मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा नशा मुक्ति के उपाय भी बताए।

       इस अभियान में माता अमृतानंदमयी मठ के स्वयंसेवक आदित्य सिंह कटोच तथा अयुद्ध इंडिया के स्वयंसेवक नितिन शोडवानी ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

   कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा स्वस्थ, नशा-मुक्त और विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेने के साथ हुआ। युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा-मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *