Fri. Jun 5th, 2026

चारधाम यात्रा-2026 के दृष्टिगत पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर इकाइयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई

अनियमितताएं पाए जाने पर नोटिस जारी, नमूने जांच हेतु लैब भेजे गए
हरिद्वार  जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में चारधाम यात्रा-2026 को दृष्टिगत रखते हुए आज जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय के साथ सिडकुल बहादराबाद स्थित पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुल 03 निर्माण इकाइयों का परीक्षण किया गया, जिनसे जनपद हरिद्वार सहित चारधाम यात्रा मार्गों पर पेयजल की आपूर्ति की जाती है। मौके पर 01 लीटर की पैक्ड पानी की 02 बोतलों के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया।
जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने, IS 14543 मानक के अनुरूप जल गुणवत्ता रिपोर्ट न होने, लॉट नंबर से संबंधित लैब रिपोर्ट, इन-हाउस टेस्टिंग रिकॉर्ड, तथा प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड एवं माइग्रेशन सर्टिफिकेट उपलब्ध न कराने पर तीनों इकाइयों को FoSCoS पोर्टल के माध्यम से नोटिस जारी किए गए। एक इकाई में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन एवं गंदगी पाए जाने पर तीन दिवस के भीतर सुधार के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में दिनांक 26 मई 2026 को हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित महादेव ढाबा के पास इंग्लिश वाइन शॉप परिसर में संचालित मैसर्स सरकारी कैंटीन का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान लगभग 4.5 किलोग्राम बासी एवं दुर्गंधयुक्त उबले काले चने पाए गए, जिन्हें तत्काल नष्ट कराया गया। साथ ही पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल एवं वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र तथा पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड प्रस्तुत न करने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत दिनांक 02 जून 2026 को न्यायालय में वाद दायर किया गया है।
इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में निर्मल छावनी, लोधा मंडी एवं अपर रोड क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं डेयरियों का निरीक्षण किया गया। कुल 09 प्रतिष्ठानों की जांच में 02 को मानकों के अनुपालन हेतु नोटिस जारी किए गए तथा 01 खाद्य कारोबारी के विरुद्ध बिना लाइसेंस संचालन पर चालान की कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा अवगत कराया गया है कि चारधाम यात्रा-2026 के दृष्टिगत जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *