Sat. Jul 25th, 2026

हरिद्वार पुलिस

SSP हरिद्वार के निर्देश पर चारधाम यात्रा को जाम मुक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल

प्रमुख चौराहों का संयुक्त सर्वेक्षण, यातायात बाधाओं का किया गया विस्तृत विश्लेषण

जाम के कारणों पर प्रहार, बेहतर यातायात व्यवस्था की तैयारी जारी।

संयुक्त सर्वेक्षण से मिलेगा समाधान, यातायात प्रबंधन होगा और प्रभावी

सुगम यात्रा, सुरक्षित सफर के लिये हरिद्वार पुलिस का सतत प्रयास।

चारधाम यात्रा एवं बढ़ते यातायात के दृष्टिगत जनपद हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं जाम मुक्त बनाने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक यातायात के नेतृत्व में , लोक निर्माण विभाग (PWD), संभागीय परिवहन विभाग एवं NHAI की संयुक्त टीम द्वारा जनपद के प्रमुख चौराहों एवं यातायात प्रभावित स्थलों का विस्तृत सर्वेक्षण किया गया।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान यातायात दबाव, सड़क संरचना, पार्किंग व्यवस्था एवं अन्य भौतिक चुनौतियों का गहन अध्ययन किया गया।

सर्वेक्षण में पाया गया कि प्रातः 09:00 बजे से 11:00 बजे तथा सायं 05:00 बजे से 08:00 बजे के मध्य स्कूल, कार्यालय एवं यात्रा सीजन के कारण वाहनों का दबाव अधिक रहता है।

निरीक्षण के दौरान फुटपाथ एवं सर्विस लेन पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, लेफ्ट टर्न की बाधाएं, चौराहों पर कम टर्निंग रेडियस, सड़क ढाल (स्लोप) संबंधी समस्याएं, सिग्नल टाइमिंग में आवश्यक संशोधन, घिस चुकी ज़ेबरा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन एवं लेन मार्किंग जैसे बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

संयुक्त टीम द्वारा ऐसे प्रमुख चौराहों को चिन्हित किया गया जहां लेफ्ट टर्न को फ्री करना, रोड चौड़ीकरण, ड्रॉप लेन निर्माण, डिवाइडर सुधार एवं यातायात संकेतकों के उन्नयन से लगभग 30 प्रतिशत तक जाम की स्थिति में कमी लाई जा सकती है।

हरिद्वार पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे चारधाम यात्रा एवं स्थानीय यातायात दोनों को अधिक सुगम बनाया जा सके।

हरिद्वार पुलिस सभी वाहन चालकों एवं नागरिकों से अपील करती है कि लेन अनुशासन का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर जाम मुक्त एवं सुरक्षित हरिद्वार के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक यातायात बिपेंद्र सिंह, निरीक्षक सीपीयू हितेश कुमार, संभागीय परिवहन विभाग से श्रीमती वरुणा खंडेलवाल, लोक निर्माण विभाग से दीपक, NHAI से प्रेम बल्लभ एवं अतुल शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed